कोलकाता, 10 मई। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता के तत्वावधान में रविवार को पश्चिम बंगाल के देगंगा जिले के स्वरूपनगर क्षेत्र में नवदिशा वेलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में लगभग 270 मरीजों की जांच की गई। शिविर में आए मरीजों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी एवं सामान्य स्वास्थ्य जांचें निशुल्क की गई। नेत्र परीक्षण के दौरान 110 लोगों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, 20 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए। मरीजों को उनकी जरूरत के मुताबिक दवाएं नि:शुल्क वितरित की गईं।
मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का ऑपरेशन 17 मई 2026 को कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में नि:शुल्क किया जाएगा।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में डॉ. कबीर अहमद, डॉ. शमीमा खातून एवं डॉ. मंटू दास का योगदान उल्लेखनीय रहा।
अजय दिवाकर ने कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर करती रहेगी।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
