320 मरीजों का इलाज, 70 को मिलेंगे चश्मे, 35 के होंगे निशुल्क ऑपरेशन
कोलकाता, 04 जनवरी। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार 4 जनवरी को केस्टोपुर के राजवंशीपाड़ा क्षेत्र में बिधाननगर म्युनिसिपालिटी के सहयोग से निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में कुल 320 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें से 70 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई। 35 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। चिन्हित सभी मोतियाबिंद रोगियों के ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में निशुल्क किए जाएंगे।
शिविर में मरीजों के ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी एवं सामान्य स्वास्थ्य जांचें निशुल्क की गई। जरूरत के अनुसार मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में शिविर का लाभ उठाया।
जानकारी कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजि इस शिविर को सफल बनाने में डॉ. कबीर अहमद, डॉ. शंकर मंडल एवं डॉ. सुकांतो राय का योगदान सराहनीय रहा।
दिवाकर ने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
