मारवड़ी रिलीफ सोसायटी शिविर

270 मरीज लाभान्वित, 18 के होंगे निशुल्‍क ऑपरेशन

कोलकाता, 25 फरवरी। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी की ओर से मंगलवार को बजबज के महेशतल्ला क्षेत्र के वार्ड संख्या 30 में नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 270 मरीजों की जांच की गई। शिविर में आए मरीजों की ब्लड शुगर, ब्‍लड प्रेशर, ईसीजी सहित सामान्य स्वास्थ्य जांचें निशुल्‍क की गई।

नेत्र परीक्षण के दौरान 85 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 18 मरीज मोतियाबिंद से ग्रस्त मिले। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में निःशुल्क किए जाएंगे।

कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में डॉ. मलय दास, डॉ. सुबेंदु देवनाथ और डॉ. शैलेश शाह का सराहनीय योगदान रहा।

दिवाकर ने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।

मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्‍ध

अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्‍ध है। सोसायटी के अस्‍पताल में आम नागरिकों को न्‍यूनतम शुल्‍क पर बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं उपलब्‍ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।

अस्‍पताल में मौजूद होम्‍योपैथिक चिकित्‍सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्‍क देते हैं। यहां चिकित्‍सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्‍क उपलब्‍ध कराई जाती है। अस्‍पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।

नि:शुल्‍क सर्वाइकल वैक्‍सीन

सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्‍सीन नि:शुल्‍क देने का अभियान शुरू किया है।