1050 रोगियों को मिला लाभ
कोलकाता, 21 दिसंबर। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता के तत्वावधान में रविवार 21 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं हैल्थ चेकअप कैंप का सफल आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण एवं जरूरतमंद वर्ग के लोगों को व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत भारत सेवा संघ के सहयोग से शिमलागढ़, अनाथ बन्धु के सहयोग से हल्दिया तथा बांकारा साहू समाज के सहयोग से बांकारा पुलिस फाड़ी में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन तीनों शिविरों में कुल मिलाकर लगभग 1050 रोगियों की जांच की गई।
जांच के दौरान 335 रोगियों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 70 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के योग्य पाए गए। इन सभी मरीजों का ऑपरेशन मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल, कोलकाता में पूर्णतः निःशुल्क किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शिविरों में रोगियों का ब्लड शुगर टेस्ट, सामान्य स्वास्थ्य जांच तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
इस जनहितकारी कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. शंकर मंडल, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. शमीमा खातून एवं डॉ. कबीर अहमद का सराहनीय योगदान रहा।
यह संपूर्ण कार्यक्रम मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से ही संभव हो सका। शिविर की जानकारी कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने दी। उन्होंने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
