खड़गपुर, 21 अक्टूबर । पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में दुर्गापूजा देखने जा रही 19 वर्षीय विवाहिता की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद नौ माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा नवमी के दिन खड़गपुर लोकल थाना क्षेत्र के मूलबांध इलाके में हुआ। त्योहार के दौरान हुई इस घटना से परिवार में शोक छा गया है।
स्थानीय सूत्रों ने बताया, पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सांकराइल थानांतर्गत प्रतापपुर की निवासी विवाहिता अपने पति, नौ माह की बच्ची और भाई के साथ बाइक से खड़गपुर में दुर्गापूजा देखने जा रही थीं। इसी दौरान मूलबांध इलाके में एक बम्प पार करते समय दुर्घटना हुई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सभी को केशियाड़ी के खाजरा ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने विवाहिता को मृत घोषित कर दिया। उनकी नौ माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना पाकर केशियाड़ी थाने की पुलिस खाजरा ग्रामीण अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
