कोलकाता, 21 जुलाई । पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी राजनीतिक खींचतान मंगलवार को और बढ़ गई है। ममता बनर्जी से अलग शहीद स्मरण कार्यक्रम के मंच से कमरहटी के विधायक मदन मित्र ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी ने एक घंटे का समय दिया है, लेकिन वह ममता बनर्जी को एक महीने का समय दे रहे हैं ताकि वह “असली तृणमूल” का साथ दें।
मदन मित्र ने अपने संबोधन में कहा, “ममता, आपको हम एक महीने का समय दे रहे हैं। आप अभिषेक का हाथ छोड़कर असली तृणमूल का हाथ पकड़िए।” उन्होंने यह भी कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में ही तृणमूल कांग्रेस इस मुकाम तक पहुंची, लेकिन आज पार्टी के तीन हिस्सों में बंटने की स्थिति पर सवाल भी उठाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कोई पत्थर न फेंके और किसी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग न करे। ममता बनर्जी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “हम अपना गले का उत्तरीय बिछा रहे हैं, आप पैदल चली आइए। सिर्फ इतना कह दीजिए कि मुझसे गलती हुई। मैं गांधारी की तरह पुत्र प्रेम में अंधी हो गई थी।”
इससे पहले मंच से अनुव्रत मंडल ने भी कार्यकर्ताओं और नेताओं से तृणमूल के साथ बने रहने का संदेश दिया।
मायो रोड स्थित गांधी प्रतिमा के पास आयोजित इस शहीद स्मरण कार्यक्रम में चंद्रिमा भट्टाचार्य, अरूप विश्वास, शिउली साहा सहित ऋतब्रत गुट के कई नेता भी मौजूद रहे।
