लुत्‍फल हक को मिला सम्‍मन

पाकुड़, 30 मार्च। असहाय एवं जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित व्यवसायी एवं समाजसेवी लुत्फल हक को सामाजिक कल्याण और विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए दिल्ली में सम्मानित किया गया।

उन्‍हें यह सम्‍मान दिल्ली में आयोजित “विकसित भारत लीडरशिप समिट 2026” में प्रदान किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तथा कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल उपस्थित रहे। दोनों मंत्रियों ने लुत्फल हक को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया और उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की।

मंत्रियों ने अपने संबोधन में कहा कि लुत्फल हक जाति और धर्म से ऊपर उठकर समाजसेवा कर रहे हैं। विशेष रूप से पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर गरीबों को निःस्वार्थ भाव से भोजन उपलब्ध कराने जैसे कार्यों को सराहनीय बताया गया।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि “विकसित भारत समिट” का उद्देश्य वर्ष 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित, आत्मनिर्भर और विश्वगुरु बनाना है, जिसमें ऐसे समाजसेवियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उल्लेखनीय है कि लुत्फल हक लंबे समय से जरूरतमंदों की सेवा में सक्रिय हैं। उनके पास आने वाला कोई भी जरूरतमंद खाली हाथ नहीं लौटता। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसमें गरीब विद्यार्थियों को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराना प्रमुख है।

इसके अतिरिक्त वे शिक्षण संस्थानों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ पिछले तीन वर्षों से पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन कम से कम 300 जरूरतमंदों को निःशुल्क रात्रि भोजन उपलब्ध करा रहे हैं।

उनकी सामाजिक सेवाओं में गरीब बेटियों के विवाह में सहयोग, जरूरतमंदों को वस्त्र वितरण, सड़क सुरक्षा के लिए हजारों हेलमेट वितरित करना, कोविड काल में ऑक्सीजन एवं मास्क उपलब्ध कराना तथा सर्दियों में गर्म कपड़ों का वितरण जैसे अनेक सराहनीय कार्य शामिल हैं।

गौरतलब है कि लुत्फल हक को उनके सामाजिक योगदान के लिए देश-विदेश में कई बार सम्मानित किया जा चुका है। वे दिल्ली, मुंबई, कोलकाता के साथ-साथ लंदन, दुबई, सिंगापुर और मलेशिया सहित विभिन्न स्थानों पर सम्मान प्राप्त कर चुके हैं।