जमशेदपुर, 9 सितंबर । जिले के सोनारी दुमुहानी के पास एलपीजी गैस से भरे एक टैंकर में अचानक गैस रिसाव शुरू हो गया। इससे इलाके अफरा-तफरी मच गई। टैंकर चालक की नजर जैसे ही लीकेज पर पड़ी, उसने तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन तथा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी। कुछ ही देर में एलपीजी कंपनी के अधिकारी और तकनीकी टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम ने टैंकर से हो रहे गैस रिसाव को नियंत्रित कर स्थिति को सुरक्षित बनाया।
सोनारी थाना के पदाधिकारी ने बताया कि यदि गैस रिसाव के दौरान किसी वाहन से निकली चिंगारी टैंकर के संपर्क में आ जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। चालक की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी दुर्घटना टल गई।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर यातायात रोक दिया गया। कंपनी के अधिकारियों ने गैस रिसाव को बंद किया। स्थिति सामान्य होने के बाद टैंकर को कंपनी परिसर के लिए रवाना कर दिया गया।
