लोकसभा चुनाव 2024 : लॉकेट चटर्जी बदल सकती हैं अपना निर्वाचन  क्षेत्र

हुगली, 17 जनवरी। हुगली लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की सांसद लॉकेट चटर्जी इस बार आगामी लोकसभा चुनाव में अपना क्षेत्र बदल सकती हैं।

भाजपा सूत्रों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी को इस बार हुगली लोकसभा सीट के लिए नए चेहरे की तलाश है। हुगली सांगठनिक जिला भाजपा का एक तबका भी लॉकेट चटर्जी से नाराज चल रहा है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार भाजपा सांसद को पश्चिम बंगाल के किसी ग्रामीण क्षेत्र से भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार बना सकती है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा इस बार पश्चिम बंगाल में 35 लोकसभा सीटों को जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है। लोकसभा चुनावों को लेकर जिलों से लेकर देश-प्रदेश तक भाजपा की गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के किले को ध्वस्त करने के लिए प्रदेश स्तर पर भाजपा एक विशेष योजना के तहत काम कर रही है। भाजपा की केंद्रीय कमेटी इस लोकसभा चुनाव में युवा चेहरों पर ज्यादा जोर दे रही है।