खूंटी, 11 नवंबर। झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर मंगलवार को आयोजित होनेवाली विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत मंगलवार को खूंटी जिला प्रशासन की ओर से रन फ़ॉर झारखंड का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, खूंटी से तिरला तक संपन्न हुआ। इसमें उपायुक्त ने भी दौड़ लगाई। कार्यक्रम में प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी, खिलाड़ी, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उपायुक्त आर रॉनिटा ने कहा कि “रन फ़ॉर झारखंड” जैसे कार्यक्रम का आयोजन राज्य की युवा ऊर्जा और खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का एक सशक्त माध्यम हैं। यह राज्य की एकता, ऊर्जा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी दर्शाता है। झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ हम सभी के लिए ऐतिहासिक है, झारखंड की 25 वर्षों की उपलब्धियां हम सभी के लिए गर्व की बात हैं, और हमें साथ मिलकर इसे आगे बढ़ाना है।
झोंगो पाहन को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने खूंटी जिला के अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज झोंगो पाहन को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया। झोंगो पाहन का चयन एशियन यूथ पैरा गेम्स 2025, दुबई (यूएई) के लिए भारतीय टीम में हुआ है। उपायुक्त ने उन्हें शुभकामनाएं दीं एवं सम्पूर्ण किट और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
रन फ़ॉर झारखंड कार्यक्रम की पांच किलोमीटर मैराथन दौड़ में बालक एवं बालिका वर्ग के निम्नलिखित प्रतिभागियों ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करनेवालों को मंच पर आमंत्रित कर उपायुक्त ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। बालक वर्ग में प्रथम स्थान : काले मुण्डा, द्वितीय सनिका मुण्डा और तृतीय स्थान पर अमरजीत कुमार रहे।
बालिका वर्ग में प्रथम स्थान संगीता मरांडी, द्वितीय सपना बारला और तृतीय स्थान रूपा कुमारी रही।
पांच वर्ष के बच्चे ने लगाई 5 किमी की दौड़
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा महज पांच वर्षीय लोको मुण्डा, जिसने पांच किलोमीटर की दौड़ पूरी कर सभी का मन मोहा। उपायुक्त ने नन्हे प्रतिभागी को मंच पर आमंत्रित कर हौसला अफजाई की और विशेष रूप से पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो, उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, अपर समाहर्ता परमेश्वर मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, परियोजना निदेशक आईटीडीए आलोक शिकारी कच्छप, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
