पलामू, 25 सितंबर । जिले में ऑपरेशन मुस्कान से शुक्रवार को लोगों की खुशियां लौट आईं। पुलिस ने गुम हुए 97 मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक धारकों को लौटा दिया। ये मोबाइल फोन दो माह से लेकर दो साल पहले गायब हुए थे। जिनके मोबाइल फोन खो गए थे, उनमें वापस मिलने की उम्मीद खत्म हो गई थी। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई से उनके चेहरे पर मुस्कान लौट गई।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के अनुसार पूरे राज्य में ऑपरेशन मुस्कान के तहत कार्रवाई की गई। इसके तहत पलामू में 97 मोबाइल फोन बरामद किए गए। मोबाइल धारकों को एक साथ बुलाकर उनके फोन लौटाए गए।
सबसे अधिक लेस्लीगंज थाना क्षेत्र से 15 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसी तरह नावा जयपुर से 11, मेदिनी नगर शहर थाना क्षेत्र से 10, पिपरा और छतरपुर से ०९, रेहला से ०८ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
इधर, मोबाइल वापस मिलने पर धारकों में काफी खुशी देखी गई। गढ़वा से आई सोनाली राज, हरिहरगंज के केशलाल कुमार पटेल, पिपरा के मिथिलेश कुमार, बिहार के औरंगाबाद जिले के टंडवा के बसंत साव, पिपरा के बभांडी के अभिषेक कुमार ने बताया कि मोबाइल मिलने की उम्मीद खत्म हो गई थी, लेकिन शिकायत दर्ज करने के कुछ माह के भीतर ही पुलिस ने उनके खोये मोबाइल वापस कर उनके चेहरे पर मुस्कान ला दी है। सभी ने पलामू पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
मौके पर कई थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।
