खूंटी, 25 अक्टूबर । पुलिस के मिशन मुस्कान ने तीन लोगों के चेहरे पर फिर से खुशी लौटा दी। लंबे समय से गुम मोबाइल फोन वापस मिलने पर राहुल, बिनीता कुमारी और फिलोमीना ने पुलिस के प्रति आभार जताया। इस अभियान के तहत अब तक करीब 200 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। राहुल को करीब 20 महीने बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिला। इतने लंबे समय बाद फोन मिलने की उसे उम्मीद नहीं थी। मोबाइल मिलने के बाद राहुल ने कहा कि उसे लगता था कि पुलिस बड़े मामलों में व्यस्त रहने के कारण मोबाइल गुम होने जैसी शिकायतों पर ध्यान नहीं देती होगी। लेकिन पुलिस ने उसका फोन बरामद कर उसकी सोच बदल दी।
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि मुख्यमंत्री और डीजीपी के निर्देश पर प्रत्येक महीने मिशन मुस्कान अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की तकनीकी टीम गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में लगातार काम करती है। उनके कार्यकाल में पांचवीं बार यह अभियान चलाया गया है और अब तक करीब 200 मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। एसपी के अनुसार, ज्यादातर मोबाइल मेले, बाजार और दुकानों में छूटने या गिरने के कारण गुम हुए थे। तकनीकी टीम की मदद से इन मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें बरामद किया गया। आज मोबाइल फोन केवल बातचीत का साधन नहीं है, बल्कि बैंकिंग लेनदेन और जरूरी दस्तावेजों के लिए भी इसका इस्तेमाल होता है। ऐसे में मोबाइल गुम होने से लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
एसपी ऋषभ गर्ग ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। ऑनलाइन शिकायत करने में परेशानी होने पर लोग सीधे थाने पहुंचकर सूचना दे सकते हैं।
खूंटी पुलिस के अनुसार, मिशन मुस्कान का उद्देश्य केवल गुम मोबाइल बरामद करना ही नहीं, बल्कि आम लोगों का पुलिस पर भरोसा मजबूत करना और उनके चेहरों पर मुस्कान लौटाना भी है।
