रांची, 14 सितंबर । झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा, “श्री गणेश चतुर्थी के पावन पर्व की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।” उन्होंने भगवान गणेश से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करने तथा विघ्न-बाधाओं को दूर कर जीवन को मंगलमय बनाने की कामना की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी गणेश चतुर्थी पर राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और जोहार कहा। उन्होंने भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता बताते हुए प्रार्थना की कि वे सभी के जीवन से परेशानियों और बाधाओं को दूर करें तथा सुख, शांति, समृद्धि और सफलता का आशीर्वाद दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में प्रेम और सद्भाव बना रहे तथा सभी के जीवन में खुशहाली आए, यही उनकी कामना है। उन्होंने अपने संदेश के अंत में “ॐ गं गणपतये नमः” लिखते हुए “गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया” का जयकारा भी लगाया।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश से प्रार्थना है कि सभी के जीवन से विघ्न-बाधाएं दूर हों और सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली का आगमन हो। उन्होंने अपने संदेश का समापन “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे के साथ किया।
