बंद घर से 50 लाख के गहने की चोरी

पूर्वी सिंहभूम, 26 अप्रैल । बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित कैलाश नगर में रविवार सुबह एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोर बंद पड़े घर का ताला तोड़कर लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों के साथ लगभग 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गये ।

मिली जानकारी के अनुसार राजेंद्र झा के दामाद नितेश झा के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। , जब परिवार के सभी सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे। बंद पड़े घर का फायदा उठाकर चोरों ने घर में घुसकर करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों के साथ लगभग 10 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया और आराम से फरार हो गए। नितेश कुमार झा आईआरबी के जवान है।

घटना की जानकारी तब हुई जब परिवार के सदस्य वापस घर लौटे और दरवाजा खुला तथा सामान बिखरा हुआ पाया। अलमारी और लॉकर को तोड़कर गहनों की चोरी की गई थी, जिससे साफ जाहिर होता है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्हें घर की स्थिति की पहले से जानकारी हो सकती है। घटना के बाद परिजनों में दहशत का माहौल है ।

सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, जिससे कोई सुराग मिल सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि इस वारदात में किसी परिचित या स्थानीय व्यक्ति की संलिप्तता हो सकती है, जिसने घर के खाली रहने की जानकारी चोरों तक पहुंचाई।

थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।