awds

नई दिल्ली, 15 फरवरी । कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) नई दिल्ली में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा। ग्लोबल साउथ के इस सबसे बड़े एआई सम्मेलन मंत्रालय एक विशेष पवेलियन के माध्यम से भारत के युवाओं को एआई-सक्षम बनाने की अपनी रणनीति प्रदर्शित करेगा।

केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने रविवार को यह जानकारी साझा करते हुए कहा, “वैश्विक दक्षिण में सबसे बड़े एआई शिखर सम्मेलनों में से एक की मेजबानी करना, एक जिम्मेदार और समावेशी एआई भविष्य को आकार देने के हमारे संकल्प को दर्शाता है। मैं वैश्विक भागीदारों के साथ सार्थक चर्चा करने और यह प्रदर्शित करने के लिए उत्सुक हूं कि भारत किस प्रकार अपने युवाओं और कार्यबल को एआई-तैयार कौशल से लैस कर रहा है जो सभी के लिए विकास और अवसरों को बढ़ावा देता है।”

जयंत चौधरी मंगलवार को एमएसडीई पवेलियन का दौरा करने वाले हैं, जहां वे स्थापित उपकरणों की समीक्षा करेंगे, युवा प्रतिभागियों के साथ बातचीत करेंगे और एआई-सक्षम कौशल विकास समाधानों का प्रदर्शन करते हुए हितधारकों के साथ जुड़ेंगे।

​एमएसडीई का पवेलियन इस बात पर केंद्रित होगा कि कैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता आजीविका को विस्थापित करने के बजाय उसे और अधिक सशक्त बना सकती है। इस सम्मेलन में वैश्विक नेता और नीति निर्माता भारत की एआई यात्रा के केंद्र में स्थित ‘कौशल विकास’ के मॉडल को देखेंगे।