पूर्वी सिंहभूम । सोनारी थाना क्षेत्र के नवरंग मोहल्ला में रविवार को बड़ी चोरी की घटना सामने आई। पीड़िता सोनिया वर्मा अपने परिवार के साथ 8 सितंबर को कोर्ट के काम से छत्तीसगढ़ गई थीं। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि ताला टूटा हुआ है और करीब 15 लाख रुपये मूल्य के गहने व कीमती सामान गायब हैं।
जानकारी के अनुसार, वर्मा परिवार गया जाने की तैयारी में था, जहां पिंडदान करना था। लेकिन घर में घुसे चोरों ने उनकी योजना को झटका दे दिया। चोरी की इस वारदात से परिवार सदमे में है। परिवार का कहना है कि 12 सितंबर को घर में एक पारिवारिक कार्यक्रम होना था, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। ऐसे समय में हुई चोरी ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी चोरी से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं।
