रांची, 12 अक्टूबर। कांग्रेस के मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि “जब-जब चुनाव होते हैं, तब-तब घुसपैठिए याद आते हैं, और चुनाव खत्म होते ही वे गायब हो जाते हैं। चाहे झारखंड हो, बिहार हो या बंगाल — घुसपैठियों के लिए सीधे तौर पर केंद्र सरकार और गृह मंत्री जिम्मेदार हैं।”
पवन खेड़ा रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, संयोजक सतीश पाल मुंजिनी और प्रवक्ता डॉ. एम. तौसीफ ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर किया।
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर श्री खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन के साथ मजबूती से चुनाव लड़ेगी और सीटों का बंटवारा जल्द ही तय कर लिया जाएगा।
