नई दिल्ली /बेंगलुरु/चेन्नई/देहरादून, 05 दिसंबर। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के परिचालन संकट ने शुक्रवार को चरम रूप ले लिया। मुंबई, हैदराबाद, दिल्ली, अबू धाबी, श्रीलंका और सिंगापुर सहित कई शहरों के लिए उड़ानें रद्द हुईं। कई उड़ानें घंटों देरी से चलीं। उचित सूचना न मिलने पर यात्रियों ने एयरलाइन काउंटर पर आक्रोश जताया।
देशभर के प्रमुख हवाई अड्डों—दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता, चेन्नई, गोवा, जयपुर और इंदौर—पर यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इंडिगो की ऑन-टाइम परफॉर्मेंस घटकर 8.5% तक पहुंच गई है। एयरलाइन ने माना कि क्रू तैनाती में योजना स्तर पर गंभीर गलती हुई है।
क्रू की भारी कमी, तकनीकी-परिचालन अव्यवस्था और मौसम संबंधी बाधाओं के बीच देशभर के कई हवाईअड्डों पर उड़ानों की व्यापक रद्दीकरण और देरी की स्थिति बनी रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इंडिगो को फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन के दो प्रावधानों में 10 फरवरी 2026 तक रियायत दे दी है।
चेन्नई और आसपास के तटीय क्षेत्रों में चक्रवात दित्वा के कारण भारी बारिश के बीच इंडिगो की सेवाएं लगातार प्रभावित रहीं।
दिल्ली और चेन्नई एयरपोर्ट से बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द
इंडिगो ने शुक्रवार को दिल्ली हवाईअड्डे से रात 12 बजे तक सभी घरेलू प्रस्थान उड़ानें रद्द कर दीं। चेन्नई में भी 31 उड़ानें रद्द की गईं। कंपनी ने यात्रियों से सार्वजनिक माफी मांगते हुए कहा कि ‘शेड्यूल रीबूट’ करने और अव्यवस्था कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
एयरलाइन ने घोषणा की रद्द उड़ानों का रिफंड स्वतः मूल भुगतान माध्यम में लौटाया जाएगा। 5 से15 दिसंबर तक की सभी टिकटों पर कैंसिलेशन/री-शेड्यूलिंग मुफ्त होगी।
विभिन्न शहरों में यात्रियों के लिए होटल रूम, सतही परिवहन, फूड और सीनियर सिटिज़न के लिए लाउंज सुविधा की व्यवस्था की गई है।
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 102 उड़ानें रद्द, यात्रियों का विरोध प्रदर्शन
बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा हवाई अड्डे पर शुक्रवार को इंडिगो की कुल 102 उड़ानें रद्द कर दी गईं। 50 प्रस्थान और 52 आगमन उड़ानें प्रभावित रहीं। 30 से अधिक उड़ानें घंटों विलंबित रहीं। उड़ानें अचानक रद्द होने पर यात्रियों ने एयरलाइन काउंटरों पर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। व्यवस्था के कारण हवाई अड्डे पर यात्रियों की भारी कमी, टैक्सी-बस सेवाओं की आय में गिरावट और पूरे यातायात तंत्र पर असर देखा गया।
देहरादून में भी सभी उड़ानें रद्द, हेल्प डेस्क स्थापित
देहरादून के जौलीग्रांट हवाईअड्डे से इंडिगो ने शुक्रवार को सभी उड़ानें रद्द कर दीं। यात्रियों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए एयरलाइन ने हेल्प डेस्क स्थापित की है। एएआई की टीम भी यात्रियों की सहायता में जुटी है। रद्दीकरण के कारणों पर आधिकारिक बयान अभी प्रतीक्षित है।
डीजीसीए ने दी FDTL नियमों में छूट
डीजीसीए की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि इंडिगो के लिए नाइट ड्यूटी का समय अब रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक माना जाएगा, जबकि सामान्य नियमों में सुबह 6 बजे तक है। पायलटों के लिए नाइट ड्यूटी तक जारी रहने वाली उड़ानों की अधिकतम फ्लाइट टाइम और ड्यूटी टाइम से संबंधित नियमों में भी अस्थायी राहत दी गई है। एयरलाइन को हर 15 दिन पर क्रू कार्य-घंटों और सुधारात्मक कदमों की रिपोर्ट डीजीसीए को सौंपनी होगी। 30 दिन के भीतर इंडिगो को पूर्ण अनुपालन का रोडमैप देना होगा।
संकट अभी जारी रहेगा
इंडिगो द्वारा उठाए गए सुधारात्मक कदमों के बावजूद स्थिति सामान्य होने में 2–3 दिन लग सकते हैं।डीजीसीए की निगरानी और अस्थायी राहत मिलने से फ्लाइट संचालन में कुछ सुधार की उम्मीद है, लेकिन यात्रियों को फिलहाल सतर्क और तैयार रहने की सलाह दी गई है।
