अवैध अफीम बरामद

चतरा, 21 अप्रैल। लावालौंग पुलिस ने  करीब 25 लाख रुपये मूल्य  की अवैध अफीम और अन्य मादक पदार्थ बरामद करने में सफलता हासिल की है। यह जानकारी समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहब ने मंगलवार काे दी।

उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के सलमा गांव के बाराटुंगरी टोला निवासी जतन गंझु और बालेश्वर गंझु अपने-अपने घरों में बड़े पैमाने पर अवैध अफीम, डोडा और पोस्ता दाना छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार और सशस्त्र बल के जवानों की संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो किलो 329 ग्राम अवैध अफीम, 85 किलो 870 ग्राम डोडा और 29 किलो 320 ग्राम पोस्ता दाना जब्त किया। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही दोनों तस्कर मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।