अवैध शराब फैक्‍ट्री

रामगढ़ 11 मई। रामगढ़ पुलिस ने गोला थाना क्षेत्र के उपर खखरा टोला, पथलगड़ा में संचालित अवैध विदेशी शराब निर्माण इकाई का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब, स्प्रिट, फर्जी लेबल, ढक्कन, खाली बोतलें और वाहन बरामद किए गए।

पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गोला थाना क्षेत्र के एक बंद मकान में अवैध रूप से विदेशी शराब बनाई जा रही है और आसपास के इलाकों में इसकी तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन वत्स के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने उपर खखरा टोला निवासी मनोज मुर्मू (26) और चौपादार निवासी भदरू सिंह (42) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की।

फर्जी लेबल लगाकर बाजार में बेची जा रही थी शराब

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी विभिन्न ब्रांडों के नाम पर नकली विदेशी शराब तैयार कर रहे थे। शराब की बोतलों पर फर्जी होलोग्राम, स्टिकर और लेबल लगाकर उन्हें बाजार में खपाया जा रहा था।

छापेमारी में बरामद

* विभिन्न ब्रांड की करीब 250 पेटी विदेशी शराब

* छह ड्रमों में लगभग 1800 लीटर तैयार शराब

* 120 लीटर मॉल्ट

* 40 हजार फर्जी लेबल

* 20 हजार ढक्कन (सील)

* 20 हजार खाली बोतलें

* 20 हजार स्टिकर

* 250 खाली कार्टन

* 50 खाली पानी के जार

* 1600 लीटर रंग मिश्रित तरल पदार्थ

* दो अल्कोहल मीटर

* एक पिकअप वाहन

* दो मोटरसाइकिल

 

इस मामले में गोला थाना में विभिन्न धाराओं और उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।