murder

पूर्वी सिंहभूम, 25 मार्च । झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलडीह पंचायत के गोबरलाद गांव में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली।

पुलिस के मुताबिक, शादी समारोह से लौटते वक्त पति-पत्नी के बीच शराब के नशे में विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। इस दौरान पति सुधीर मुर्मू ने अपनी पत्नी हीरामणि मुर्मू (43) की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और देर रात घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना में आरोपित पति भी घायल हो गया। वारदात के बाद उसने मामले को छिपाने की कोशिश की, लेकिन मंगलवार दोपहर करीब दो बजे चौकीदार के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। घायल होने के कारण उसे हिरासत में लेकर पटमदा के माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने आपसी पंचायत के जरिए मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया जाता है कि गोबरलाद गांव जंगल क्षेत्र में स्थित एक आदिवासी बहुल इलाका है, जहां मोबाइल नेटवर्क की स्थिति बेहद खराब है। इसी कारण घटना की सूचना पुलिस तक काफी देर से पहुंच पाई, जिससे ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।