कोलकाता, 27 अप्रैल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के अंतिम दिन सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह ने धार्मिक आस्था और राजनीतिक कार्यक्रमों के साथ अपने दिन की शुरुआत की। सुबह वे गंगासागर पहुंचे, जहां उन्होंने सागर में पुण्य स्नान किया और इसके बाद कपिल मुनि आश्रम में पूजा-अर्चना की।
दूसरे चरण के मतदान से पहले प्रचार के अंतिम दिन गंगासागर पहुंचकर अमित शाह ने देश और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक अनुष्ठान के बाद अमित शाह कोलकाता पहुंचे, जहां उन्होंने बेहाला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी इंद्रनील खां के समर्थन में एक विशाल रोड शो किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की जीत को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने जा रही है। साथ ही उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि देश में सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून होना चाहिए और चार विवाह जैसी प्रथा समाप्त होनी चाहिए।
अमित शाह ने यह भी कहा कि अब तक चुनाव के दौरान किसी बड़ी हिंसा की घटना सामने नहीं आई है और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में राज्य की जनता भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में लाएगी।
उल्लेखनीय है कि राज्य में दूसरे चरण का मतदान बुधवार को होना है और सोमवार शाम को चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा।
