mur

मुर्शिदाबाद, 27 जुलाई  जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े प्रयास को लालगोला थाना पुलिस ने विफल कर दिया। सोमवार तड़के नवग्राम इलाके में चलाए गए अभियान में पुलिस ने करीब 3.176 किलोग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान निमाई सरकार और मोमिन शेख के रूप में हुई है। दोनों लालगोला थाना अंतर्गत क्रमशः दुर्लभपुर एवं अठारोशिया के निवासी है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि नवग्राम क्षेत्र में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की खेप पहुंचाई गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान एक आरोपित के पास से एक हजार 460 ग्राम तथा दूसरे के पास से एक हजार 704 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस प्रकार कुल तीन हजार 176 ग्राम हेरोइन जब्त की गई।

दोनों आरोपितों को सोमवार को बहरमपुर स्थित एनडीपीएस अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उनसे पूछताछ और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए 10 दिन की पुलिस हिरासत की मांग की।

उल्लेखनीय है कि मुर्शिदाबाद में भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। पुलिस का कहना है कि सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और अभियान चलाए जा रहे हैं। दो दिन पहले भी लालगोला थाना पुलिस ने साहाबुद्दीन नामक एक आरोपित को 392 ग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया था। बरामद हेरोइन की कीमत कई लाख रुपये आंकी गई थी।

लगातार हो रही बरामदगियों के बाद यह सवाल उठ रहा है कि मुर्शिदाबाद तक इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन आखिर पहुंच कहां से रही है। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क और इसके संभावित अंतरराष्ट्रीय संबंधों की जांच में जुटी हुई है।