भारी बारिश की आशंका

रांची, 28 सितंबर । झारखंड के कई जिलों में दो अक्टूबर को भारी बारिश होने की आशंका है। यह जानकारी मौसम विभाग ने रविवार को दी है।

विभाग के अनुसार देवघर, दुमका, गिरिडीह, कोडरमा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में दो अक्टूबर को भारी  एवं  अन्य इलाकों में  हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। वहीं तीन अक्टूबर को भी राज्य के कुछ इलाकों में भारी-बारिश  होने की आशंका व्यक्त की गई है।

वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम के सोनुवा में 117.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान राजधानी रांची में 31.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

राज्य में सबसे अधिक तापमान गोड्डा में 35.4 और सबसे कम तापमान लातेहार में 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। हालांकि बीच-बीच में धूप भी निकली। दिन भर कमोबेश यही स्थिति बनी रही।

रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री, जमशेदपुर में 32.6, डालटेनगंज में 33.4 डिग्री, बोकारो में 29.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।