MISHAN 1
झाड़ग्राम/कोलकाता, 29 जून। गंगा मिशन ने सामाजिक सरोकार की दिशा में एक और पहल करते हुए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के माणिकपाड़ा में 3 हजार फलदार पौधों का वितरण किया तथा प्राइमरी स्कूल के लिए 10 वाटर फिल्टर भेंट किए। नेताजी क्लब परिसर में कुर्मी समाज माणिकपाड़ा के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं को एक साथ जोड़ते हुए मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें करीब 250 लोगों ने लाभ उठाया।
शिविर में मरीजों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं तथा आवश्यकतानुसार दवाइयों का भी वितरण किया गया। नेत्र परीक्षण के दौरान 60 लोगों की दृष्टि कमजोर पाई गई, जिन्हें निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं 25 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया, जिनके ऑपरेशन जुलाई माह में एमआरएसएच अस्पताल में कराए जाएंगे।
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के एनिमल रिसोर्सेज डवलपमेंट एंड फिशरीज मंत्री राजेश महाता, झाड़ग्राम विधायक लक्ष्मीकांता साओ तथा सालबोनी विधायक बिमान महता का अभिनंदन किया गया।
गंगा मिशन के प्रतिनिधि सरदार ज्योति सिंह ने बताया कि संस्था जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए भी लगातार कार्य कर रही है।
शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिर्बाण बहार, जनरल फिजिशियन डॉ. अंजलि शर्मा तथा नर्स लवली सिंह ने सेवाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उपस्थित लोगों ने गंगा मिशन के राष्ट्रीय सचिव प्रह्लाद राय गोयनका एवं एमआरएसएच अस्पताल के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।