-बाढ़ में दवाएं बह जाने से परेशान बुजुर्गों को नुवाकोट में मिला मुफ्त इलाज और दवा
काठमांडू, 06 सितंबर । नेपाल में बाढ़ के कारण नियमित रूप से ली जाने वाली दवाएं गंवा चुके बुजुर्गों के लिए नुवाकोट में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इस शिविर में 200 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
सेवा इंटरनेशनल और नेपाल सीएमएक संघ के संयुक्त प्रयास से शनिवार को आयोजित शिविर में 101 बुजुर्गों को स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं। इनमें 48 महिलाएं और 53 पुरुष शामिल थे।
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के दौरान शुगर, ब्लड प्रेशर समेत गैर-संचारी और अन्य दीर्घकालिक बीमारियों की नियमित दवाएं बह गई थीं। ऐसे प्रभावित बुजुर्गों के लिए शिविर में स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में बुजुर्गों से जुड़ी विभिन्न बीमारियों की जांच के साथ ऑर्थोपेडिक्स, हृदय रोग और दंत चिकित्सा संबंधी सेवाएं भी प्रदान की गईं।
बाढ़ के बाद मानसिक तनाव से जूझ रहे परिवारों को ध्यान में रखते हुए 25 बुजुर्गों और उनके परिजनों को तनाव प्रबंधन तथा मनोसामाजिक परामर्श भी दिया गया।
इसके अलावा, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में तैनात नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल के बेस को भी कुछ आवश्यक जीवनरक्षक एवं महत्वपूर्ण दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
