श्रीडूंगरगढ़ / बीकानेर , 12 सितंबर।तुलसी मेडिकल एंड रिसर्च सेंटर, श्रीडूंगरगढ़ में गुरुवार को पेट, आंत और लीवर संबंधी रोगों के लिए निःशुल्क जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 200 मरीजों ने चिकित्सीय सेवाओं का लाभ उठाया।
इस अवसर पर गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. अनिल खत्री ने मरीजों की जांच की और विस्तारपूर्वक परामर्श प्रदान किया। उन्होंने पेट दर्द, पीलिया, कब्ज, उल्टी-दस्त सहित लीवर संबंधी समस्याओं से पीड़ित रोगियों की धैर्यपूर्वक सुनवाई कर उचित मार्गदर्शन दिया।
संस्थान के प्रशासक सूर्यप्रकाश गांधी ने बताया कि शिविर का आयोजन अम्बिका शारदा झुनझुनवाला फाउंडेशन, अलीपुर पार्क प्लेस, कोलकाता के सौजन्य से किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि इसी प्रकार का अगला निःशुल्क परामर्श शिविर आगामी गुरुवार, 18 सितंबर 2025 को आयोजित किया जाएगा। इसमें भी डॉ. अनिल खत्री अपनी सेवाएं देंगे।
उल्लेखनीय है कि तुलसी मेडिकल एंड रिसर्च सेंटर समय-समय पर विभिन्न रोगों के निःशुल्क परामर्श शिविर आयोजित कर आमजन को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराता है।
