काठमांडू, 29 अक्टूबर । नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने बुधवार को यहां बूढानीलकंठ स्थित लामिछाने के आवास पर बैठक की। यह बैठक करीब चार घंटे तक चली। रवि के निकटतम सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच कई संवेदनशील राजनीतिक और सरकारी मुद्दों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री शाह अपने मुख्य सलाहकार कुमार बेन के साथ लामिछाने से मिलने पहुंचे। लामिछाने रविवार देररात एयर इंडिया की उड़ान से दिल्ली से काठमांडू लौटे थे। वरिष्ठ सुरक्षा सूत्र ने बताया कि बैठक सुबह करीब 10:15 बजे शुरू हुई और दोपहर 2:15 बजे तक चली। आरएसपी से जुड़े लोगों ने अनौपचारिक रूप से बैठक की पुष्टि की है। इस वजह से बुधवार को होने वाली मंत्रिपरिषद की बैठक भी स्थगित कर गुरुवार के लिए निर्धारित कर दी गई।
रवि लामिछाने के सचिवालय के तरफ से कहा गया है कि, “कुछ बेहद संवेदनशील मुद्दों पर निर्णय लेने से पहले साझा सहमति बनाना जरूरी है। इसी वजह से बैठक लंबी चली।” उनके अनुसार, बैठक में तत्काल लिए जाने वाले फैसलों, अध्यादेशों और कुछ महत्वपूर्ण राजनीतिक नियुक्तियों पर भी चर्चा हुई है। अनेक नियुक्तियों को लेकर दोनों नेताओं के बीच अभी सहमति नहीं बन पाई है। नेपाल पुलिस के महानिरीक्षक (आईजीपी) दान बहादुर कार्की से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की बात कही जा रही है, हालांकि इसका विवरण स्पष्ट नहीं हैं।
प्रधानमंत्री के करीबी एक सलाहकार ने संकेत दिया कि वर्तमान पुलिस प्रमुख को हटाकर किसी और को पुलिस प्रमुख बनाने को लेकर दोनों शीर्ष नेताओं में बातचीत जरूर हुई है लेकिन अभी सहमति की पुष्टि नहीं हो पाई है। सलाहकार ने कहा, “आईजीपी कई मामलों में अपने कर्तव्य का पालन नहीं कर पाए, इसलिए उन्हें बदलने को लेकर चर्चा हुई है।”
इस बीच, कार्की से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए आज सिंहदरबार में संसदीय उपसमिति की बैठक निर्धारित की गई है। इसमें पुलिस की वर्दी खरीद में हुई कथित अनियमितता से जुड़े विषय भी शामिल हैं। माना जा रहा है कि आरएसपी पुलिस प्रमुख से जुड़े किसी मुद्दे को उनके पद से हटाने के दबाव के रूप में इस्तेमाल कर सकती है। हालांकि, यदि कार्की को हटाया जाता है, तो उनकी जगह किसे नियुक्त किया जाए, इस पर लामिछाने और शाह के बीच अभी सहमति नहीं बनी है।
बैठक में लामिछाने की हालिया भारत यात्रा का मुद्दा भी उठने की खबर है। सचिवालय के अनुसार, आरएसपी अध्यक्ष ने अपनी निजी यात्रा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रधानमंत्री को दी। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री शाह ने नई दिल्ली यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
