पूर्वी सिंहभूम, 25 सितंबर। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत एनएच-18 के किनारे मुड़ाकाटी गांव में गुरुवार को एक अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां जमीन के भीतर से लगातार झागनुमा पदार्थ निकल रहा है, जिसे दूर से देखने पर बादलों जैसा प्रतीत हो रहा है।

इस अनोखी घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचने लगे। राहगीर और वाहन चालक भी अपने-अपने वाहन रोककर इस विचित्र दृश्य को देखने लगे। देखते ही देखते मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गई और लोग आश्चर्य से इस नजारे को निहारते रहे।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने ऐसा दृश्य पहली बार देखा है। हालांकि झाग निकलने के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और विशेषज्ञ टीम से जांच कराने की मांग की है ताकि इसकी सच्चाई सामने आ सके।
