कटवा, 15 फरवरी । पूर्वी रेलवे के कटवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-दो पर रविवार तड़के एक खाली रेक में आग लगने की घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। रेल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब 04:50 बजे एक अज्ञात यात्री ने प्लेटफॉर्म पर खड़ी खाली रेक से धुआं निकलते देखा और इसकी सूचना रेलवे कर्मियों को दी। सूचना पाकर कटवा जीआरपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल अग्निशमन विभाग को अवगत कराया।
करीब पांच बजे कटवा से दमकल की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों की तत्परता से आग को शीघ्र ही नियंत्रण में कर लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका।
रेलवे हावड़ा जीआरपी के एसआरपी आईपीएस इंद्रजीत बसु ने रविवार सुबह पूरे मामले की आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है और जीआरपी द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना से ट्रेन परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है और सभी रेल सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं।
