sadak

जलपाईगुड़ी, 24 जुलाई। बीमार बेटी से मिलने जा रहे एक पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक का नाम टुक मोहम्मद बताया गया है। यह घटना गुरुवार रात की है। इस घटना से फुलबाड़ी के छोभाविटा इलाके में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, फुलबाड़ी के छोभाविटा निवासी टुक मोहम्मद गुरुवार को दिनभर काम करने के बाद रात में अपनी बीमार बेटी से मिलने के लिए आमायदिघी इलाके की ओर निकले थे। फुलबाड़ी इलाके में वह एक भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। आरोप है कि एक मालवाहक वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल टुक मोहम्मद को आनन-फानन में बरामद कर उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।