डीसी कार्यालय पर प्रदर्शन

पूर्वी सिंहभूम, 9 अप्रैल। पूर्वी सिंहभूम के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में रामनवमी के दौरान हुए विवाद में घायल युवक सन्नी पुष्टि की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार को परिजन शव लेकर सीधे उपायुक्त कार्यालय पहुंच गए और वहां जोरदार प्रदर्शन किया।

परिजनों ने मृतक के लिए 50 लाख रुपये मुआवजा, एक परिजन को सरकारी नौकरी तथा आरोपितों को कड़ी सजा (फांसी) देने की मांग की। सूचना मिलते ही आनंद मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

रामनवमी पर हुआ विवाद बना मौत का कारण

जानकारी के अनुसार, 31 मार्च को छायानगर डब्बा लाइन स्थित सामुदायिक भवन के पास दो गुटों के बीच वर्चस्व और छेड़खानी को लेकर विवाद हुआ था, जो हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान फायरिंग और धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें सन्नी पुष्टि गंभीर रूप से घायल हो गया था।

उसे टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में नंदू लोहार नामक युवक भी घायल हुआ था, जिसे उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि घटना में शामिल आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब सन्नी की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है।