ओंकार समाचार
गिरिडीह, 12 जुलाई। झारखंड के गिरिडीह में नकली विदेशी शराब के काले कारोबार का खुलासा हुआ है। उत्पाद विभाग और बेंगाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने बेंगाबाद थाना इलाक के घाघरा में चल रही अवैध फैक्ट्री पर छापेमारी कर शराब माफियाओं के पूरे नेटवर्क को उजागर किया है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई में करीब 50 लाख रुपये मूल्य की नकली विदेशी शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में सामग्री जब्त की गई।
फैक्ट्री में रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज और आइकोनिक जैसे नामी ब्रांड की नकली विदेशी शराब तैयार कर बाजार की जा रही थी।
छापेमारी के दौरान 350 पेटी तैयार नकली विदेशी शराब, 4,000 लीटर पानी की टंकी, 55 रोल नकली रैपर, 25 हजार ढक्कन, 20 रोल होलोग्राम, 1,000 कार्टन, 60 खाली बोतल, एक एसीई मशीन और 20 फीट पाइप समेत भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए।
उत्पाद विभाग के अनुसार, इस फर्जी शराब फैक्ट्री से सरकार को करोड़ों के राजस्व का नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ आम लोगों की जिंदगी से भी खिलवाड़ किया जा रहा था।
इस मामले में झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए), 52(डी) और 55 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं और इस गोरखधंधे से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस बड़ी कार्रवाई का नेतृत्व उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने किया। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक जानानाथ पाल, रवि रंजन, सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो, सत्यराज बल सहित उत्पाद विभाग की टीम शामिल रही। वहीं, बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार और उनकी पुलिस टीम ने भी अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। शराब माफियाओं के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर सभी दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
