कोलकाता, 21 सितंबर। ईस्टर्न रेलवे मजदूर कांग्रेस सियालदह मंडल ने शनिवार को अपने अध्यक्ष विनोद शर्मा और कार्यकारी अध्यक्ष दीपक कांजीलाल का स्वागत व सम्मान किया। विनोद शर्मा को हाल ही में अखिल भारतीय रेलवे के अग्रणी श्रमिक संगठन एनएफआईआर (नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेंस) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। वहीं, दीपक कांजीलाल को एनएफआईआर की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति का सदस्य चुना गया।
दिल्ली से कोलकाता लौटने पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का माला पहना कर, पुष्पगुच्छ, उत्तरीय, शॉल, साफा और स्मृति चिन्ह भेंटकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर ब्रम्हेश्वर सिंह, वासुदेव भट्टाचार्य, तपन दास, रवि प्रताप सिंह, राज केतन गुहा राय, अशोक राय, तनय मजुमदार, प्रणय चक्रवर्ती, ए.आर. घटक, तंद्रा कांजीलाल और प्रणव प्रसाद सहित कई वक्ताओं ने अपने संबोधन में दोनों नेताओं के संघर्ष और योगदान को याद किया।
सम्मान समारोह में ईआरएमसी की सभी शाखाओं के अध्यक्ष, सचिव और बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन तपन दास ने किया और राष्ट्रगान के साथ इसका समापन हुआ।
