कोलकाता, 08 अक्टूबर । कोलकाता की दुर्गा पूजा विश्व के सबसे भव्य और बड़े उत्सवों में से एक है, जिसका बंगाल के लोगों के जीवन से गहरा और सीधा जुड़ाव है। इस वर्ष दुर्गा पूजा को पूरी तरह से पर्यावरण के अनुकूल (इको-फ्रेंडली) बनाने के उद्देश्य से ‘सिग्वेज’ द्वारा आयोजित ‘शारद पुष्पांजलि सम्मान’ समारोह में राज्य के शहरी विकास एवं नगर पालिका मामलों के राज्य मंत्री उमेश राय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री उमेश राय ने कहा कि दुर्गा पूजा के विशाल आयोजनों के माध्यम से समाज को कई महत्वपूर्ण संदेश दिए जा सकते हैं। उन्होंने अपशिष्ट प्रबंधन (वेस्ट मैनेजमेंट) और ग्लोबल वार्मिंग को वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने उन कलाकारों और पूजा समितियों की सराहना की, जो अपनी कला, पंडाल और थीम के जरिए जल संरक्षण, ऊर्जा बचत और पर्यावरण सुरक्षा का सशक्त संदेश दे रहे हैं।
