रांची, 8 अप्रैल। संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वस्थ शरीर और संतुलित मन भी उतने ही आवश्यक हैं।
राज्यपाल ने रांची विश्वविद्यालय परिसर स्थित मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर में स्थापित ‘हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर’ के उद्घाटन अवसर पर यह बात कही। उन्होंने इस पहल को विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मियों के समग्र स्वास्थ्य—शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक संतुलन—को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।
राज्यपाल ने युवाओं से आह्वान किया कि वे जीवन में संतुलन बनाए रखें, सकारात्मक सोच अपनाएँ तथा नियमित योग, ध्यान और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास सफलता के प्रमुख आधार हैं।
मानसिक स्वास्थ्य पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि तनाव और चिंता की स्थिति में समय पर परामर्श लेना आवश्यक है तथा समाज में संवाद और संवेदनशीलता को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र रिम्स और सीआईपी जैसे संस्थानों के सहयोग से प्रभावी रूप से कार्य करेगा।
राज्यपाल ने कहा कि “विकसित भारत” के संकल्प के साथ देश आगे बढ़ रहा है और ‘फिट इंडिया’ व ‘आयुष्मान भारत’ जैसी पहलें युवाओं के समग्र विकास को मजबूत कर रही हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य आज एक गंभीर विषय बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस केंद्र का अधिक से अधिक उपयोग करने और परामर्श लेने में झिझक न रखने की अपील की। साथ ही टेली-काउंसलिंग जैसी सुविधाओं को विकसित करने पर भी बल दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को शिक्षा और स्वास्थ्य के समन्वित दृष्टिकोण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया और इसे अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणास्रोत माना।
