f

पश्चिम मेदिनीपुर, 19 अप्रैल । जिले के केशियाड़ी ब्लॉक के खाजरा नंबर-दो इलाके में तृणमूल कांग्रेस की बाइक रैली को लेकर रविवार को तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि बिना अनुमति और चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर यह रैली निकाली जा रही थी।

सूचना मिलने पर चुनाव आयोग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और रैली को रोकने की कोशिश की। इस दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में तनाव बढ़ गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तुरंत पुलिस बल तैनात किया गया। बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और किसी बड़े अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

चुनाव से पहले इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। चुनाव आयोग के सूत्रों के मुताबिक, आचार संहिता उल्लंघन के आरोपों की जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।