बुजुर्ग ने किया दुष्कर्म

पलामू, 14 मई । जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महज साढ़े चार वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस सम्बन्ध में पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिहरगंज के मिश्रा कॉलोनी निवासी विद्या साव (68) को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया गया। साथ ही इस मामले को लेकर पुलिस गंभीरता से अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार उक्त आरोपित बीते 30 अप्रैल को पीड़िता को बहला फुसलाकर अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया था, जिससे बच्ची को शारीरिक आंतरिक पीड़ा झेलनी पड़ी, जबकि आरोपित पुनः गुरुवार को चॉकलेट का लालच देकर बच्ची को अपने घर ले जाना चाह रहा था।

पीड़िता भयभीत होकर अपने मां के पास जा भागी और इसकी जानकारी दी। बाद में पीड़िता की मां ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इस सम्बन्ध में मुहल्ले के आक्रोशित लोगों से जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया।

इधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने सिनेमा मोड़ के पास एनएच 139 पर टायर जला कर विरोध प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए जाम कर दिया। बाद में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने आक्रोशित लोगों को समझा कर शांत कराया और आवागमन बहाल कराया गया।

इस संबंध में छानबीन करने आए छतरपुर एसडीपीओ अवध कुमार यादव ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पीड़िता की मां के आवेदन पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए मेदिनीनगर भेजा गया है, जबकि आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।