झारखंड फिल्म फेस्टिवल

पलामू, 16 जून । पलामू के युवा अब फिल्म निर्माण को लेकर संजीदगी दिखा रहे हैं। 26 से 28 जून तक रांची के सरला बिड़ला विश्वविद्यालय में आयोजित चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल में पलामू के फिल्म मेकर्स की आठ फिल्मों का प्रदर्शन किया जायेगा। इन आठ फिल्मों को स्क्रीनिंग के लिए चयन किया गया है। इनमें छह शार्ट फिल्म और दो डॉक्यूमेंट्री फिल्में शामिल हैं।

फिल्म फेस्टिवल आयोजन समिति की ओर से एनके सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से चयनित फिल्मों की जानकारी दी है।

उल्लेखनीय है कि रांची के सरला बिरला विश्वविद्यालय कैंपस में आगामी 26 से 28 जून तक इस फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया गया है, जहां चयनित फिल्मों का प्रदर्शन के साथ साथ पुरस्कार वितरण भी किया जाएगा।

इस आयोजन में कई बड़ी फिल्मी हस्तियों का भी आगमन होगा। सिंह ने मंगलवार को बताया कि झारखंड में फिल्म निर्माण की भरपूर संभावनाएं है। युवाओं को अच्छी फिल्म निर्माण में प्रोत्साहित करना इस फेस्टिवल का एक उद्देश्य है। इस फेस्टिवल में झारखंड के निर्माता-निर्देशकों की कुल 84 फिल्में आई थीं, जिनमें से 67 फिल्मों का चयन स्क्रीनिंग के लिए किया गया है।

वहीं पलामू से इस फेस्टिवल में स्क्रीनिंग के लिए जिन आठ फिल्मों का चयन हुआ है, उसमें मेलोडी थियेटर एंड फिल्म और भूमिका फिल्म के संयुक्त बैनर तले निर्मित दो फिल्म मिसिंग डायरी और सिगरेट रहस्य, प्रवीण तिवारी फिल्म प्राइवेट लिमिटेड की फिल्म माही, यंग स्टार ग्रुप की फिल्म दहाड़ और मासूम आर्ट ग्रुप की ओर से प्रस्तुत जय मां काली पर लोगों की विशेष नजर रहेगी। मासूम आर्ट ग्रुप की एक अन्य शॉर्ट फिल्म बोलो नहीं करो कि भी स्क्रीनिंग की जाएगी। इस फिल्म को पलामू के कलाकारों की मौजदगी में शिमला में शूट किया गया है। इसके अलावा पलामू के फिल्मकारों की ओर से निर्मित दो डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी इस फेस्टिवल में दिखाई जाएगी।

फिल्म फेस्टिवल के अवसर पर आयोजन समिति एक स्मारिका का भी विमोचन करेगी। स्मारिका कमिटी के नवीन सहाय ने बताया कि इस पुस्तक में भी पलामू की झलक दिखेगी। रवि शंकर पांडेय, प्रभात मिश्रा सुमन, राणा अरुण सिंह सहित कई लेखकों के फिल्म से जुड़ी रचनाएं इस स्मारिका में रहेगी।

आयोजन समिति ने इसके प्रसार प्रचार के लिए एक रील मेकिंग की प्रतियोगिता कराई गई थी। इसमें भी पलामू के युवाओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। खास कर नवोदित कलाकार प्रकाश संगम की एक रील ने सोशल मीडिया पर वायरल होते हुए 170 का आंकड़ा छू लिया है।

इसके अलावे राज प्रतीक पाल, अमर कुमार भांजा, अविनाश तिवारी जैसे कलाकारों ने भी रील के माध्यम से पलामू की उपस्थिति दर्ज कराई है। फिल्म फेस्टिवल को लेकर पलामू के सिनेप्रेमी दर्शक और कलाकारों में काफी उत्साह है।