_____ ____

पश्चिमी सिंहभूम, 16 जून । पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत शरीदिरी गांव में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने की घटना में एक युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव निवासी गुंडई मुंडू की पुत्री सुरारी मुंडू (18) के रूप में की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुरारी मुंडू मंगलवार को खेत में कृषि कार्य कर रही थी। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज बारिश के साथ वज्रपात होने लगा। खेत में मौजूद युवती आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत बंदगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलने पर बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि युवती खेत में काम करने के दौरान वज्रपात की चपेट में आई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। साथ ही, प्रशासन की ओर से आपदा राहत सहायता के तहत मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।