
रायपुर, 20 अगस्त। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने गुरुवार को रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश दी। जानकारी के अनुसार ईडी की टीम ने रियल एस्टेट कारोबारी सजल जैन और विश्वास गुप्ता के निवास के साथ दुकानों में जांच शुरू की है।
बताया जा रहा है कि ईडी की टीम दुर्ग के जैन गली स्थित निवास पर पहुंची है। करीब तीन गाड़ियों में पहुंची टीम में 12 से अधिक अधिकारी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीआरपीएफ के जवानों को भी तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े दस्तावेजों और जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर ईडी की कार्रवाई रियल एस्टेट कारोबारियों तक पहुंची है। इसके आधार पर टीम द्वारा संबंधित ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है।
उल्लेखनीय है कि ईडी ने आज कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, जीडी लॉजिस्टिक के संचालक और डॉक्टर कमलेश्वर अग्रवाल के भाई अनूप अग्रवाल के रविनगर स्थित घर और दफ्तर समेत चार ठिकानों पर छापामारी की है। इसी तरह रामगोपाल अग्रवाल के भतीजे प्रतीक अग्रवाल के धमतरी आवास पर छापा मारा है।


















