पूर्वी सिंहभूम, 21 सितंबर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह कम्युनिटी सेंटर के पास देर रात चोरों ने दो दुकानों का ताला तोड़कर करीब 18 हजार रुपये की नकदी और सामान चोरी कर लिया। घटना ने एक बार फिर पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, चोर पहले इलाके का मुआयना कर चुके थे। रात में उन्होंने चिकन प्वाइंट नामक दुकान और पास की एक अन्य दुकान को निशाना बनाया। शटर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और वहां रखी नकदी व सामान ले गए। सुबह दुकानदार पहुंचे तो ताले टूटे और सामान बिखरे हुए मिले।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके के लोग और दुकानदारों में आक्रोश फैल गया। दुकानदारों का कहना है कि लगातार बढ़ती चोरियों से वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस गश्ती सिर्फ कागजों पर दिखाई देती है, जबकि अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
सूचना पाकर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि धातकीडीह और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ महीनों से चोरी की घटनाएँ लगातार बढ़ी हैं। स्थानीय लोग पुलिस प्रशासन से रात में गश्त तेज करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
