हुगली, 17 फ़रवरी । चुचूड़ा विधानसभा क्षेत्र के कोदलिया-(दो) नंबर ग्राम पंचायत अंतर्गत 112 और 113 नंबर बूथ (कानागढ़ आश्रम मठ इलाका) में जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी गंभीर समस्याएं भाजपा नेता के सामने रखीं। मानसून आते ही इलाके में हर साल भीषण जलजमाव की स्थिति बन जाती है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र की कच्ची नालियों की वर्षों से सफाई नहीं हुई, नालियों में झाड़-झंखाड़ और गंदगी जमा है, जिसके कारण बरसाती पानी निकल नहीं पाता। इससे घरों के सामने पानी भर जाता है और लोगों का आवागमन तक बाधित हो जाता है। जलजमाव के कारण बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।
जनसंपर्क के दौरान महिलाओं ने यह भी शिकायत की कि इलाके में कई जगह स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। रात में काम से लौटते समय उन्हें असुरक्षा का सामना करना पड़ता है, लेकिन स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
इन सभी समस्याओं को सुनने के बाद हुगली जिले के भाजपा के कद्दावर नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजीव नाग उर्फ ‘मिठू’ ने मंगलवार को आरोप लगाया कि यह इलाका भाजपा का मजबूत क्षेत्र होने के बावजूद स्थानीय विधायक असित मजुमदार द्वारा विकास कार्यों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि विधायक पिछले 15 वर्षों से चुचूड़ा विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, लेकिन जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई।
राजीव नाग ने दावा किया कि बंगाल और खासकर चुचूड़ा विधानसभा में 2026 में परिवर्तन निश्चित है। उन्होंने जनता से बदलाव की अपील करते हुए कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार बनने पर विकास की रफ्तार तेज होगी, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि चुचूड़ा में नए उद्योग लगाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा।
खबर लिखे जाने तक इस मामले में तृणमूल कांग्रेस को और से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली थी।
