रांची, 27 जून । देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी के लिए रांची में तैयारियां जोरशोर से चल रही है। यह टूर्नामेंट रांची में पहली बार आयोजित हो रहा है। इसे लेकर शहर में फुटबॉल प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खेल प्रेमी बेसब्री से देश की शीर्ष फुटबॉल टीमों को मैदान पर खेलते देखने का इंतजार कर रहे हैं।
26 जुलाई से 16 अगस्त तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के अहम मुकाबले रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसके लिए बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। स्टेडियम में मैदान की गुणवत्ता सुधारने, दर्शक दीर्घा को अधिक सुविधाजनक बनाने, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम को आधुनिक स्वरूप देने, फ्लडलाइट व्यवस्था को बेहतर करने तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं जुटाने के लिए करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार, रांची में होने वाले सभी मुकाबले शाम 4 बजे बाद शुरू होंगे। इससे खिलाड़ियों को बेहतर मौसम में खेलने का अवसर मिलेगा, वहीं दर्शक भी आरामदायक माहौल में मैचों का आनंद उठा सकेंगे। टूर्नामेंट में देश की कई प्रमुख फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
बड़ी संख्या में दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, पार्किंग, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की भी विशेष तैयारी की जा रही है।
डूरंड कप की मेजबानी रांची और पूरे झारखंड के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे राज्य को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही यहां के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को देश के दिग्गज खिलाड़ियों का खेल करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस आयोजन से झारखंड में फुटबॉल संस्कृति को नई ऊर्जा मिलेगी और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए भी राज्य का मार्ग प्रशस्त होगा। रांची में पहली बार होने जा रहा यह आयोजन खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो सकता है।
