चालक गिरफ्तार वाहन जब्त

रांची, 12 फरवरी। झारखंड की राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार थार जीप से छह लोगों को कुचलने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित चालक अतुल को गिरफ्तार कर लिया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है। घटना में प्रयुक्त थार जीप को भी जब्त कर लिया गया है।

सिटी डीएसपी के.वी. रमण ने गुरुवार को गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय वाहन में चालक के साथ और कौन-कौन लोग मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि बुधवार देर रात दुर्गा मंदिर चौक के समीप रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में रेलवे स्टेशन से डोरंडा जाने वाले मार्ग पर तेज रफ्तार थार जीप ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को जोरदार टक्कर मार दी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी अधिक थी, जिससे टक्कर के बाद सभी लोग दूर जा गिरे।

इस दर्दनाक हादसे में हिनू निवासी धर्मेंद्र कुमार (उर्फ धर्मेंद्र सिंह), जो वर्तमान में चुटिया क्षेत्र में रह रहे थे, की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में रेलवे की महिला टीटी अन्नपूर्णा नायडू, उनका पुत्र कुणाल नायडू, संदीप महतो, अमित सिंह और प्रशांत गौरव शामिल हैं। इनमें से अन्नपूर्णा नायडू और उनके पुत्र की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया था। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल गुरुनानक अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का इलाज जारी है। सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

बताया जा रहा है कि सभी लोग एक गृह प्रवेश कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना लापरवाही का परिणाम थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। चालक से पूछताछ के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।