शब्दाक्षर

कोलकाता, 11 अक्टूबर। शब्दाक्षर के राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र को उनके कोलकाता आगमन के अवसर पर संस्था की ओर से सम्मानित किया गया।

33, शेक्सपियर सारणी में आयोजित सम्‍मान समारोह की अध्यक्षता ‘द वेक’ पत्रिका की संपादक शकुन त्रिवेदी ने की। कार्यक्रम में ताज़ा टीवी के निदेशक बिश्वम्भर नेवर मुख्य अतिथि एवं शिक्षाविद राम पुकार सिंह ‘पुकार गाजीपुरी’ और पूर्व राजभाषा अधिकारी, सुधा मिश्रा द्विवेदी  विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन शब्दाक्षर के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ कवयित्री हिमाद्री मिश्रा ने सरस्वती वंदना से किया । इसके उपरांत मंचासीन साहित्यकारों ने डॉ. मिश्र को पुष्पगुच्छ, शॉल, अंगवस्त्र और पुनीत लेखनी भेंट कर सम्मानित किया।

बड़ाबाजार लाइब्रेरी कोलकाता के महामंत्री अशोक गुप्ता और मुख्य अतिथि बिश्वम्भर नेवर ने स्वागत वक्तव्य में डॉ. मिश्र की साहित्यिक यात्रा की सराहना की।

कार्यक्रम में शब्दाक्षर से जुड़े कई रचनाकारों ने अपनी कविताएं प्रस्‍तुत की । इनमें शकुन त्रिवेदी, सुधा मिश्रा द्विवेदी, अवधेश मिश्रा, प्रदीप कुमार धानुक, रंजीत कुमार सिन्हा, राम नारायण झा अनुज कुमार, रामपुकार सिंह ‘पुकार गाजीपुरी’ शामिल थे।

समारोह के अंतिम चरण में उत्सव मूर्ति डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र ने अपने मुक्तकों और लोकप्रिय गीतों से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में साहित्यिक संस्था ‘रचनाकार’ के संस्थापक सुरेश चौधरी की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। अंत में शकुन त्रिवेदी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी साहित्यप्रेमियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।