
श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर, 21 जुलाई। बीकानेर जिला कलेक्टर निशांत जैन ने मंगलवार को श्रीडूंगरगढ़ उपखंड के पुनरासर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टाफ के अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लेकर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने अस्पताल में उपचाररत मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
पीएचसी निरीक्षण से पूर्व जिला कलेक्टर ने प्रसिद्ध पुनरासर हनुमानजी धाम पहुंचकर बाबा के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना की तथा जिले में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मंदिर में बारीदार पुजारी परिवार के छत्र सिंह बोथरा, सुरेंद्र बोथरा, प्रदीप बोथरा, मोतीलाल बोथरा एवं पवन बोथरा ने विशेष पूजा-अर्चना एवं अखंड ज्योत कराई। इस अवसर पर जिला कलेक्टर का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया तथा उन्हें बाबा की तस्वीर, रामायण और श्रीफल भेंट किए गए।
इस दौरान उनके साथ उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, मंदिर परिसर में पुजारी परिवार के प्रबंधक राजू भादानी, जगदीश पारीक तथा गांव के अनेक गणमान्य नागरिकों ने जिला कलेक्टर का स्वागत एवं सम्मान किया।


















