बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर खरीद का आरोप
रांची, 12 सितंबर। भ्रष्टाचार मुक्ति संघ ने रांची के ओरमांझी प्रखंड की 18 पंचायतों में 14वें वित्त आयोग की राशि से एलईडी स्ट्रीट लाइट और पानी टंकी की खरीद में धांधली के आरोप लगाए हैं। संघ के अध्यक्ष मंसू महतो ने इस संबंध में लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है और पूरे मामले की जांच की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सरकारी राशि से एलईडी स्ट्रीट लाइट और पानी टंकी की खरीद बाजार मूल्य से काफी अधिक दर पर की गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, करीब 3,200 रुपये बाजार मूल्य वाली एलईडी स्ट्रीट लाइट 8,000 से 9,000 रुपये तक की दर पर खरीदी गई है। इसी तरह करीब 70,000 से 72,000 रुपये बाजार मूल्य वाले पानी टैंकर की खरीद 1.45 लाख रुपये से लेकर 2.49 लाख रुपये तक में किए जाने का दावा शिकायत में किया गया है।
शिकायत में सोलर स्ट्रीट लाइट की खरीद को लेकर भी अनियमितता की आशंका जताई गई है। इसमें जाडीह, चुड़पालू, सदमा, पांचा, इरबा, चंद्रा और कर्मा समेत कई पंचायतों में 14वें वित्त आयोग की राशि से की गई खरीद की जांच कराने की मांग की गई है।
मंसू महतो ने लोकायुक्त कार्यालय से मामले की सक्षम अधिकारी से जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो सरकारी राशि के दुरुपयोग के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
