INTER

पलामू, 09 मई। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से घोषित इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और उप विकास आयुक्त (डीडीसी) जावेद हुसैन ने पौधा, मोमेंटो और किताब देकर सम्मानित किया।

समाहरणालय सभागार में शनिवार को आयोजित इस सम्मान समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में विज्ञान संकाय से आरके प्लस टू हाई स्कूल पाटन की एमडी फैजान आलम (राज्य में दूसरा रैंक) प्लस टू सर्वाेदय हाई स्कूल सतबरवा की सना आफरीन (राज्य में तीसरा) और बीएस इंटर कॉलेज कुवारबांध पाटन के शुभम कुमार शामिल रहे।

वहीं कला संकाय से प्लस टू आरके हाई स्कूल हैदरनगर के प्रियांशु कुमार, एमके इंटर कॉलेज पांकी की तृप्तिका कुमारी, शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज जपला के यश कुमार एवं प्लस टू आरके गर्ल्स हाई स्कूल हुसैनाबाद की मानवी रानी शामिल हैं।

इसी तरह कॉमर्स संकाय में प्लस टू आरके गर्ल्स हाई स्कूल हुसैनाबाद की अफरीन परवीन, रौशनी कुमारी और खुशी कुमारी शर्मा को भी सम्मानित किया गया।

मौके पर उपायुक्त ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने और जिले का नाम रौशन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में डीसी और डीडीसी ने बच्चों के कई सवाल के जवाब देकर उनका मार्गदर्शन किया।