पश्चिमी सिंहभूम, 20 अगस्त ।
पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर साइबर अपराधियों ने इंस्टाग्राम पर फर्जी खाता बना लिया है।
इस फर्जी खाते से लोगों को संदेश भेजकर आपात स्थिति में मदद करने के नाम पर पैसे मांगे जा रहे हैं। साइबर ठग पुलिस अधिकारी की पहचान का सहारा लेकर लोगों को भरोसे में लेने की कोशिश कर रहे हैं।
19 अगस्त की रात किरीबुरू के एक युवक के इंस्टाग्राम खाते पर भी फर्जी आईडी से संदेश भेजा गया। संदेश में तत्काल मदद की बात कहते हुए एक हजार रुपये भेजने के लिए कहा गया।
इसके साथ भुगतान के लिए एक स्कैनर भी भेजा गया था। युवक को संदेश की भाषा और लिखने के तरीके पर संदेह हुआ। उसने तत्काल समझ लिया कि संदेश थाना प्रभारी रोहित कुमार की ओर से नहीं भेजा गया है।
इसके बाद उसने न तो रकम भेजी और न ही स्कैनर का इस्तेमाल किया।
गुरुवार को थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि उनके कई परिचितों ने उनके नाम से संचालित फर्जी इंस्टाग्राम खाते की जानकारी दी है।
उनके नाम और पहचान का गलत इस्तेमाल करते हुए लोगों से आर्थिक मदद के नाम पर पैसे मांगे जा रहे हैं।
थाना प्रभारी ने आम लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि उनके या किसी अन्य पुलिस पदाधिकारी के नाम से सोशल मीडिया पर पैसे मांगने वाला संदेश मिलने पर तुरंत विश्वास नहीं करें।
किसी भी प्रकार की राशि भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे फोन पर संपर्क कर संदेश की सत्यता की पुष्टि कर लें।
उन्होंने लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक करने तथा किसी अपरिचित व्यक्ति की ओर से भेजे गए क्यूआर कोड या स्कैनर के जरिए भुगतान करने से भी बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर लोग इस तरह की साइबर ठगी से खुद को सुरक्षित रख सकते हैं।
